पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने आज यहाँ घोषणा की कि पी.एस.पी.सी.एल. ने पावर ट्रांसमिशन नेटवर्क में जनवरी 2024 से अब तक बड़ी अपग्रेडेशन परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसकी कुल अनुमानित लागत 151 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पंजाब सरकार की विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने की प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह घोषणा करते हुए बिजली मंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) ने तीन नए 66 केवी ग्रिड सबस्टेशनों को चालू किया है, जिससे पावर ग्रिड की क्षमता में 80 एम.वी.ए. की वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त, 32 पावर ट्रांसफार्मरों की बढ़ोतरी के परिणामस्वरूप क्षमता में 277 एम.वी.ए. की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पांच नए पावर ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं, जिससे 77.5 एमवीए की अतिरिक्त क्षमता का योगदान मिला है।
बिजली मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश की बढ़ती बिजली मांगों को पूरा करने के लिए पी.एस.पी.सी.एल. की सक्रियता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल. द्वारा मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए अपनाई गई रणनीतिक दृष्टिकोण बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने और पंजाब के लोगों की जीवन की समग्र गुणवत्ता को बढ़ाने के प्रति इसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल. का उद्देश्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और तकनीकी उन्नति पर ध्यान केंद्रित करते हुए स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना और प्रदेश की बढ़ती ऊर्जा मांगों को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल. उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और कुशल बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और ये उपलब्धियाँ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने और लोगों को बेहतर बिजली सुविधाएँ देने के लिए पावर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड और विस्तारित करने के प्रयासों को दर्शाती हैं।
