फ़रिश्ते योजना: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर, पंजाब सरकार द्वारा 16 फ़रिश्तों को प्रशंसा पत्र और नकद इनाम के साथ किया जाएगा सम्मानित

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वतंत्रता दिवस-2024 के अवसर पर अपनी प्रमुख ‘फ़रिश्ते’ योजना के तहत दुर्घटनाओं के पीड़ितों की मदद करने वाले 16 फ़रिश्तों को सम्मानित करेगी। इस बारे में जानकारी आज यहाँ पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं के पीड़ितों की जान बचाने में मदद करने वाले सभी फ़रिश्तों को उनके संबंधित जिला मुख्यालय में प्रशंसा पत्र और 2000 रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर सम्मानित किए जाने वाले फ़रिश्तों में फतेहगढ़ साहिब से वरिंदर सिंह और जगतार सिंह; फिरोजपुर से गुरनाइब सिंह और सुखचैन सिंह; जालंधर से अनु कुमार, राजिंदर कुमार और अभिषेक शर्मा; मोगा से हरपाल सिंह और रजनीत कौर; पठानकोट से नंद लाल; पटियाला से अर्जुन, गुरसेवक सिंह, हैप्पी, इकबाल सिंह, लवप्रीत और विनोद कुमार शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी डिप्टी कमिश्नरों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि इन फ़रिश्तों को उनके संबंधित जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मान्यता दी जाए और नकद इनाम सीधे फ़रिश्तों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वालों की मृत्यु दर को कम करने और उपलब्ध सरकारी/सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में तुरंत, निर्बाध इलाज की सुविधा देने के उद्देश्य से यह फ़रिश्ते योजना शुरू की थी। उन्होंने बताया कि इस योजना में कुल 180 सरकारी और 313 निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है।

उन्होंने बताया कि आम लोगों को आगे आकर दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने और पीड़ितों की जान बचाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे “फ़रिश्तों” को नकद इनाम, प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा रहा है और उन्हें कानूनी उलझनों और पुलिस पूछताछ से छूट दी जाती है।

गौरतलब है कि यह योजना राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एस.एच.ए.) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.ई.ओ.) बबीता क्लेर के नेतृत्व में और डिप्टी डायरेक्टर एस.एच.ए.-कम-नोडल ऑफिसर फ़रिश्ते योजना शरणजीत कौर की देखरेख में सफलतापूर्वक चल रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Translate »